बहरोड़ में शराब कंपनी पर IT की रेड:दिल्ली और अलवर की टीम कर रही कार्रवाई, यूपी और हरियाणा में भी मारे छापे

अलवर जिले के बहरोड़ उपखंड से 7 किलोमीटर दूर गांव श्यामपुर में स्थित ग्लोबस स्प्रिट लिमिटेड की फैक्ट्री पर आयकर विभाग की छापेमारी चल रही है। अलवर और दिल्ली से आयकर विभाग की टीम सुबह 7 बजे फैक्ट्री पहुंची। करीब 10 से अधिक गाड़ियों में सवार आयकर विभाग के अधिकारी और कर्मचारी कार्रवाई कर रहे हैं।



हरियाणा, यूपी में भी छापेमारी


ग्लोबस स्प्रिट लिमिटेड फैक्ट्री में देसी और अंग्रेजी शराब बनाई जाती है। बताया जा रहा है कि ग्लोबस स्प्रिट लिमिटेड ग्रुप की हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में संचालित फैक्ट्रियों पर आयकर विभाग ने एक साथ रेड मारी है। बहरोड़ के गांव श्यामपुर स्थित ग्लोबस स्प्रिट फैक्ट्री में करीब 50 से 60 की संख्या में आयकर विभाग के अधिकारी और कर्मचारी कार्रवाई कर रहे हैं।


हालांकि आयकर विभाग के अधिकारी कुछ बता नहीं पा रहे हैं। संभावना जताई जा रही है कि यह कार्रवाई देर रात तक जारी रहेगी। फैक्ट्री के मुख्य गेट पर पुलिस का जाब्ता तैनात किया गया है। फैक्ट्री के अंदर और बाहर श्रमिकों के आने जाने पर रोक लगा दी गई है।


फैक्ट्री में बनाई जाती है ये शराब


कंपनी घूमर, हीर रांझा, शाही स्ट्रांग, कंट्री क्लब, वोदका ब्रांड की शराब बनाती है। इसके साथ स्प्रिट भी बनाती है। जिसे राजस्थान सरकार को सप्लाई करती है। राजस्थान हरियाणा उत्तर प्रदेश बिहार झारखंड राज्यों में संचालित उद्योगों पर इनकम टैक्स की कार्रवाई चलना बताया जा रहा है


फैक्ट्री मालिक अजय स्वरूप गुप्ता दिल्ली का निवासी है। फैक्ट्री सूत्रों से मिली जानकारी में सामने आया कि हरियाणा में दो, राजस्थान में एक, उत्तर प्रदेश में एक, झारखंड में एक, बिहार में दो फैक्ट्रियों पर इनकम टैक्स से कार्रवाई चल रही है। हालांकि आयकर विभाग की कार्रवाई किस शिकायत पर की जा रही है और ग्रुप की कुल कितनी फैक्ट्रियों पर कार्रवाई चल रही है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।